संभावित बाढ़ 2026 को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, तटबंधों की मजबूती और पूर्व तैयारी के दिए निर्देश
रानी सिन्हा की रिपोर्ट
बिहारशरीफ (नालंदा)। संभावित बाढ़ 2026 के मद्देनजर जिले में पूर्व तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सभी अंचल अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ से निपटने के लिए समय रहते समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिहारशरीफ, एकंगरसराय और बख्तियारपुर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले जमींदारी बांध एवं तटबंधों के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक योजनाएं तैयार की जाएं।
डीएम ने तटबंधों पर हुए कटाव, रैट होल, पाइपिंग और अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों की समय पर मरम्मत एवं सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को तटबंधों का संयुक्त निरीक्षण कर संवेदनशील स्थलों की पहचान करने को कहा गया। जिन स्थानों पर विगत वर्षों में बार-बार कटाव हुआ है, वहां विशेष रूप से मजबूतीकरण एवं कटाव निरोधक कार्य कराने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने नदियों में जलकुंभी की सफाई कराने, ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील तटबंधों का निरीक्षण करने तथा राहत-बचाव कार्यों की अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। कटाव निरोधक (एंटी इरोजन) कार्य समय पर पूरा करने पर भी बल दिया गया।
बाढ़ पूर्व तैयारियों के तहत उदेरास्थान पर अभियंताओं एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा बाढ़ के समय मैथमेटिकल वेदर फोरकास्टिंग तकनीक का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि स्थिति का सटीक आकलन कर समय पर कार्रवाई की जा सके।
बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम बिहारशरीफ, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
