सूर्य नमस्कार से सकारात्मक ऊर्जा का संचार, खेल से चरित्र और राष्ट्र निर्माण का संदेश, क्रीड़ा भारती नालंदा ने बिहारशरीफ में किया जागतिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन
बिहारशरीफ (नालंदा)। क्रीड़ा भारती नालंदा के तत्वावधान में बिहारशरीफ स्थित वैभव फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर परिसर में “खेल से निर्माण चरित्र का, चरित्र से निर्माण राष्ट्र का” स्लोगन के साथ जागतिक सूर्य नमस्कार (सूर्य सप्तमी) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, युवाओं, प्रशिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार कर स्वास्थ्य एवं अनुशासन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास को बढ़ावा देना तथा खेल और योग के माध्यम से स्वस्थ समाज का निर्माण करना रहा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि क्रीड़ा भारती खेल और खिलाड़ियों के लिए समर्पित संस्था है, जो निरंतर युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करती है। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी प्रतिभागियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

विभाग संयोजक कार्यानंद शर्मा ने बताया कि माघ मास के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि, जिसे सूर्य सप्तमी के नाम से जाना जाता है, के अवसर पर हर वर्ष सूर्य नमस्कार कार्यक्रम की शुरुआत की जाती है। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का सर्वोत्तम साधन है। जिले में इस वर्ष दो केंद्र—तेलहाड़ा प्रखंड और बिहारशरीफ—पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर शंकर कुमार पाठक (मंत्री, क्रीड़ा भारती नालंदा), ललन कुमार (समाजसेवी), पिंटू जी सहित कई गणमान्य लोग और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नियमित रूप से योग और सूर्य नमस्कार को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
