हिलसा में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा अग्रदूत सम्मान समारोह का आयोजन

0
IMG-20260129-WA0025

हिलसा (नालंदा)। अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल, हिलसा की अध्यक्षता में एस.यू. कॉलेज, हिलसा परिसर में विद्युत विभाग के तत्वावधान में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा अग्रदूत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्युत कार्यपालक अभियंता, एकंगरसराय नीरज कुमार द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी को पुष्पगुच्छ एवं स्मारिका भेंट कर स्वागत के साथ की गई। इसके उपरांत अनुमंडल पुलिस अधिकारी-1 एवं 2 हिलसा, विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बिहारशरीफ, विद्युत अधीक्षण अभियंता (STF) तथा विद्युत अधीक्षण अभियंता (CGRF) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

विद्युत अधीक्षण अभियंता, नालंदा ने मंच से उपस्थित सम्मानित उपभोक्ताओं, संवेदकों एवं मीडिया कर्मियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत नालंदा जिले की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जागरूक उपभोक्ताओं एवं कर्मठ संवेदकों के सहयोग से नालंदा जिले ने पूरे बिहार में रूफटॉप सोलर अधिष्ठापन में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

इसके पश्चात अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा ऐसे 30 उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घरों में सोलर संयंत्र स्थापित कर विद्युत खपत को शून्य कर लिया है। पुरस्कृत उपभोक्ताओं में अमरेंद्र कुमार, विनोद प्रसाद सिंह, सुरेश प्रसाद केशरी, अजय कुमार एवं संजू कुमारी प्रमुख रहे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा-1 सुश्री शैलजा द्वारा निकाले गए लकी ड्रॉ में चयनित उपभोक्ताओं को मेगा गिफ्ट प्रदान किया गया। सभी सम्मानित उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार दिए गए।

इसके साथ ही योजना के अंतर्गत जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पाँच चयनित संवेदकों को भी पारितोषिक एवं गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल ने सौर ऊर्जा को आज की आवश्यकता बताते हुए कहा कि सूर्य ऊर्जा एक अनंत एवं अक्षय ऊर्जा स्रोत है, जो प्रदूषण नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा-2 ऋषिराज कुमार ने कहा कि जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा की तुलना में सौर ऊर्जा भारत को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने परिजनों को घरों की छतों पर सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करें तथा योजना की सफलता में बैंकों की भूमिका को और सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी दी गई। बताया गया कि भारत की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता लगभग 510 गीगावॉट है, जिसमें 44 प्रतिशत जीवाश्म ईंधन तथा 26 प्रतिशत सौर ऊर्जा से प्राप्त होती है। बिहार की कुल उत्पादन क्षमता 10816 मेगावॉट है, जिसमें मात्र 4 प्रतिशत सौर ऊर्जा शामिल है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब तक नालंदा जिले में 949 उपभोक्ताओं के परिसरों में 3180 किलोवॉट क्षमता का सोलर अधिष्ठापन किया जा चुका है।

अच्छे प्रदर्शन के आधार पर नालंदा जिले का चयन MNRE के सिटी एक्सलेरेटेड प्रोग्राम (CAP) के तहत पटना एवं मुजफ्फरपुर के साथ किया गया है, जिससे जिले को तकनीकी सहायता एवं क्षमता निर्माण का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले संवेदकों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। मंच संचालन विद्युत कार्यपालक अभियंता, एकंगरसराय नीरज कुमार द्वारा किया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस अधिकारी-1 एवं 2 हिलसा, विद्युत अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बिहारशरीफ, विद्युत अधीक्षण अभियंता (STF), विद्युत अधीक्षण अभियंता (CGRF), विद्युत कार्यपालक अभियंता (शहरी) सहित जिले के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *