झंडू कुमार की सफलता बनी प्रेरणा, हरनौत बाजार में हुआ भव्य स्वागत, पैरा पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया बिहार का मान
राकेश पासवान की रिपोर्ट, हरनौत (नालंदा)। पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश-प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी झंडू कुमार का मंगलवार को हरनौत बाजार में भव्य स्वागत किया गया। उनके सम्मान में चंडी रोड स्थित द रॉकस्टार जिम परिसर से रथ के माध्यम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो गोनावा रोड, स्टेशन रोड, डाकबंगला रोड, कल्याण बीघा मोड़ सहित पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए रूपसपुर गांव पहुंची।
रूपसपुर में नगर पंचायत के पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी सह चेरन पैक्स अध्यक्ष राम प्रसाद सिंह ने अंगवस्त्र और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि झंडू कुमार की लगातार जीत पूरे हरनौत ही नहीं, बल्कि बिहार और देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
बिहार पैरा स्पोर्ट्स संगठन के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिन्हा ने कहा कि झंडू कुमार जैसे खिलाड़ी यह साबित करते हैं कि संसाधनों की कमी कभी प्रतिभा को नहीं रोक सकती। उन्होंने अपनी मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं।
द रॉकस्टार जिम के संस्थापक गौतम सिंह द्वारा वर्ष 2020 में स्थापित जिम से जुड़कर झंडू कुमार ने अपनी खेल यात्रा को नई दिशा दी। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले दिव्यांग खिलाड़ी झंडू कुमार ने वर्ष 2019 में पावरलिफ्टिंग की शुरुआत की। वर्ष 2020 में 135 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। इसके बाद 2024 में 180 किलोग्राम उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2025 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 205 किलोग्राम भार उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया और अगले ही दिन 206 किलोग्राम उठाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 1973 से चला आ रहा पुराना रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया।
वर्तमान में झंडू कुमार एशियन रैंकिंग में प्रथम स्थान पर हैं, कॉमनवेल्थ स्तर पर भी शीर्ष रैंक में शामिल हैं और खेलो इंडिया चैंपियनशिप में राष्ट्रीय रिकॉर्ड होल्डर बन चुके हैं। करीब एक वर्ष बाद जब वे अपने गृहक्षेत्र हरनौत लौटे, तो सैकड़ों लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर झंडू कुमार ने कहा कि धैर्य और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं गौतम सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और सुविधाओं की है। उनका जिम सभी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए हमेशा खुला है।
कार्यक्रम में नालंदा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव कुंदन कुमार पांडे, बिहार पैरा स्पोर्ट्स संगठन के अध्यक्ष डॉ. शिवाजी कुमार, सचिव संदीप कुमार पांडे सहित कई खेलप्रेमी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
