होम्योपैथिक साइंस कांग्रेस 2026 का आयोजन, डॉ. बी. साहनी की 101वीं जयंती पर वैज्ञानिकों ने साझा किए विचार
अमर वर्मा की रिपोर्ट
पटना। पटना के उत्तर-पश्चिम स्थित गांधी मैदान परिसर में अनुग्रह नारायण सिंह सामाजिक अध्ययन संस्थान में रविवार को महान वैज्ञानिक एवं दूरदर्शी शोधकर्ता डॉ. बी. साहनी की 101वीं जयंती के अवसर पर होम्योपैथिक साइंस कांग्रेस सोसाइटी, पटना द्वारा होम्योपैथिक साइंस कांग्रेस 2026 का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, बिहार सरकार की पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद, राष्ट्रीय आयोग होम्योपैथी (नई दिल्ली) के शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रजत चट्टोपाध्याय तथा होम्योपैथिक साइंस कांग्रेस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. एम.के. साहनी समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद डॉ. बी. साहनी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।

केंद्रीय मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने डॉ. साहनी के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि जो व्यक्ति जमीन से जुड़े रहते हैं, वे ही शिखर तक पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. साहनी ने मानवता को विशिष्ट होम्योपैथिक चिकित्सा प्रणाली का अमूल्य उपहार दिया। उन्होंने युवाओं से सिद्धांतों पर केंद्रित रहने की अपील की।
मंत्री रमा निषाद ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार दोनों स्तरों पर होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के विकास और विस्तार के लिए गंभीरता से कार्य कर रही हैं।
स्वागत भाषण देते हुए डॉ. एम.के. साहनी ने कहा कि उन्हें अपने पिता डॉ. बी. साहनी से होम्योपैथिक चिकित्सा का अनुभव विरासत में मिला है। वहीं डॉ. रामजी सिंह ने बिहार में विशेषकर शिक्षा के क्षेत्र में होम्योपैथिक की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर डॉ. बी. साहनी के जीवन पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। डॉ. रजत चट्टोपाध्याय ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर होम्योपैथिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आयोग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा शैक्षणिक सुधारों पर वैज्ञानिक व्याख्यान प्रस्तुत किया।
आयोजन समिति के सदस्य डॉ. बृज मोहन प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के वैज्ञानिक दृष्टिकोण, शोध और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना तथा चिकित्सकों के बीच ज्ञान-विनिमय का मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आदिल चिमठनवाला, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के होम्योपैथी संकाय के डीन डॉ. भारत कुमार सिंह, डॉ. मेघा लॉयर, डॉ. रजत द्विवेदी, डॉ. बलवंत कुमार सिंह, डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित कई चिकित्सक एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
