ईसीआरकेयू ने मनाया ‘अखिल भारतीय मांग दिवस’, सैकड़ों रेलकर्मियों ने किया प्रदर्शन

0
IMG-20260202-WA0087

राकेश कुमार की रिपोर्ट

हरनौत। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के आह्वान पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) की ओर से सोमवार को सवारी डिब्बा मरम्मत कारखाना, हरनौत में ‘अखिल भारतीय मांग दिवस’ मनाया गया। शाखा सचिव पूर्णानंद मिश्रा एवं शाखा अध्यक्ष महेश महतो की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों रेलकर्मियों ने भाग लिया।

दोपहर भोजनावकाश के दौरान कर्मचारी टाइम ऑफिस के पास एकत्रित हुए और बोर्ड स्तर से लेकर स्थानीय स्तर तक की विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की। शाखा अध्यक्ष ने प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए कहा कि वर्ष का यह पहला विरोध प्रदर्शन कर्मचारियों के हितों की लड़ाई में मील का पत्थर साबित होगा।

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए शाखा सचिव पूर्णानंद मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2024 में एआईआरएफ और उसकी संबद्ध यूनियनों द्वारा ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) की बहाली को लेकर लगातार आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किए गए। देशभर के कर्मचारी नई दिल्ली में जुटे और सरकार पर दबाव बनाया। इसके बाद सरकार ने एनपीएस में सुधार के लिए समिति गठित की और यूपीएस लागू करने की पहल की, लेकिन कर्मचारियों ने इसकी कमियों को उजागर किया। उन्होंने बताया कि अभी तक केवल 1–2 प्रतिशत कर्मचारियों ने ही यूपीएस अपनाया है, जबकि अधिकांश कर्मचारी ओपीएस की बहाली की मांग पर अड़े हैं।

उन्होंने आठवें वेतन आयोग में देरी, इंसेंटिव, पदोन्नति, अप्रेंटिस प्रशिक्षुओं के नियमितीकरण, प्राइवेट कर्मचारियों के वेतन, रेल आवासों में 125 यूनिट मुफ्त बिजली सहित कई अन्य मुद्दों को भी उठाया।

प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने शाखा सचिव के नेतृत्व में मुख्य कारखाना प्रबंधक से मुलाकात कर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी को संबोधित 20 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आठवें वेतन आयोग का शीघ्र लाभ, ओपीएस लागू करने, लेवल-1 के 30 प्रतिशत पदों को लेवल-2 में अपग्रेड करने, कैडर रिस्ट्रक्चरिंग, इंसेंटिव व पीएलबी बोनस, ड्रेस अलाउंस, एलडीसीई/जीडीसीई का दायरा बढ़ाने, माता-पिता को पास व मेडिकल सुविधा में शामिल करने, खाली पदों को भरने, अप्रेंटिस को नियमित करने, न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने, कारखाने के विस्तार, हेल्थ यूनिट को डिविजनल अस्पताल में अपग्रेड करने तथा कर्मचारियों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

इस मौके पर कोषाध्यक्ष मनोज मिश्र, उपाध्यक्ष रंजीत कुमार, प्रमोद कुमार गौतम, संयुक्त सचिव राकेश रंजन, संगठन सचिव गिरिजा प्रसाद, डीटीजीएम मंजय कुमार, शाखा पार्षद मृत्युंजय चौबे, सत्येंद्र कुमार समेत दर्जनों कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *