खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान अधिप्राप्ति व CMR आपूर्ति की धीमी रफ्तार पर सख्त हुए डीएम कुंदन कुमार, FRK की भारी कमी पर जताई चिंता

0
IMG-20260129-WA0023

बिहारशरीफ (नालंदा)। जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत किसानों से अधिप्राप्त धान, उसके समतुल्य राज्य खाद्य निगम (SFC) के संग्रहण केंद्रों पर हस्तगत कराए गए CMR तथा जिले में FRK (फूड ग्रेन बैग) की उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के प्रधान सचिव द्वारा जारी पत्रांक 2945/खाद्य, दिनांक 30 अक्टूबर 2025 की मार्गदर्शिका के अनुसार जिला टास्क फोर्स द्वारा रूट ऑप्टिमाइजेशन, दूरी एवं पूर्व वर्षों में राइस मिलों के प्रदर्शन के आधार पर पैक्सों एवं व्यापार मंडलों को राइस मिलों से संबद्ध किया गया है। इसके तहत जिले की कुल 228 समितियों को मिलिंग कार्य के लिए 22 उसना एवं 10 अरवा राइस मिलों से जोड़ा गया है। इनमें से 213 समितियों द्वारा मिलिंग के लिए एकरारनामा संपन्न हो चुका है, जबकि शेष 15 समितियों की प्रक्रिया जारी है।

जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम ने जानकारी दी कि जिले को आवंटित 122085 मीट्रिक टन धान अधिप्राप्ति लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 55836.029 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं लक्ष्य के अनुरूप 82825 मीट्रिक टन CMR के मुकाबले अब तक मात्र 2204 मीट्रिक टन CMR ही राज्य खाद्य निगम के संग्रहण केंद्रों पर हस्तगत कराया जा सका है।

उन्होंने बताया कि नालंदा जिले के लिए सारण एवं पटना जिले की दो एजेंसियों को FRK आपूर्तिकर्ता के रूप में नामित किया गया है। जिले को आवंटित लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक 828.25 मीट्रिक टन FRK के विरुद्ध अब तक केवल 33.3 मीट्रिक टन FRK की आपूर्ति हो पाई है। जिले में FRK की भारी कमी के कारण CMR आपूर्ति में विलंब की संभावना जताई गई।

FRK की कमी को लेकर निगम मुख्यालय, पटना से पत्राचार किया गया है तथा दूरभाष के माध्यम से भी वरीय अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने निगम मुख्यालय से शीघ्र जिले को पर्याप्त मात्रा में FRK उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को निर्देश दिया कि किसानों से अधिप्राप्त धान तथा उसके समतुल्य राज्य खाद्य निगम को हस्तगत कराए गए CMR की प्रगति रिपोर्ट से उन्हें प्रतिदिन अवगत कराया जाए। साथ ही FRK आपूर्तिकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर निर्बाध FRK आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *