शहीद जगदेव प्रसाद की 104वीं जयंती मनाई गई, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि

0
IMG-20260202-WA0090

बिहारशरीफ। कुशवाहा कल्याण सेवा समिति नालंदा के बैनर तले सोमवार, 2 फरवरी 2026 को बिहारशरीफ स्थित किसान बाग शहीद जगदेव प्रसाद चौक पर शहीद जगदेव प्रसाद कुशवाहा की 104वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय मुखिया ने की, जबकि उपाध्यक्ष नंदकिशोर प्रसाद एवं संचालन जीतू कुशवाहा (पैक्स अध्यक्ष) ने किया।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य लोगों ने शहीद जगदेव प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए तथा उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि शहीद जगदेव प्रसाद बिहार के महान समाजवादी नेता थे, जिन्होंने वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्हें ‘बिहार का लेनिन’ भी कहा जाता है। वे वर्ष 1968 में कुछ समय के लिए उपमुख्यमंत्री भी रहे। 5 सितंबर 1974 को उनकी साजिशन पुलिस द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई थी। उनकी शहादत के बाद व्यापक जनआक्रोश और आंदोलन हुआ। जहानाबाद जिले के कुर्था थाना क्षेत्र में उनका समाधि स्थल स्थित है।

वे शोषित समाज दल के संस्थापक थे और “सौ में नब्बे शोषित हैं, नब्बे भाग हमारा है” जैसे नारों के माध्यम से सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी। आज भी उनके विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।

कार्यक्रम में बिहारशरीफ नगर क्षेत्र सहित विभिन्न प्रखंडों के लोगों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर प्रेम कुशवाहा, भोला प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, शशि भूषण कुशवाहा, रामदेव कुशवाहा (पूर्व जिला पार्षद), विनोद कुशवाहा (पैक्स अध्यक्ष), कृष्ण प्रसाद, अवधेश कुशवाहा, अवधेश प्रसाद, राजीव रंजन (सचिव), अर्जुन प्रसाद (कोषाध्यक्ष), संजय कुशवाहा, दिवेश कुमार (उपमुखिया, बरारा पंचायत) एवं अल्पसंख्यक संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदेव चौधरी समेत कई लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *