बिंद में बनेगा ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’, बालिकाओं को मिलेगा एथलेटिक्स, फुटबॉल व आर्चरी का प्रशिक्षण
शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट, बिहारशरीफ (नालंदा)। खेल विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने बिंद प्रखंड स्थित उच्च विद्यालय बिंद के खेल मैदान/परिसर को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में चयनित किया है।
इस केंद्र पर बालिका खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी जैसी खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। खिलाड़ियों को आधुनिक एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवासीय सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।
खिलाड़ियों के रहने के लिए राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय बिंद के छात्रावास का चयन किया गया है, जहां लगभग 30 से 50 खिलाड़ियों के ठहरने की क्षमता होगी। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों की प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी नियमित प्रशिक्षण का लाभ उठा सकेंगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। सेंटर के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण संचालन के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि जल्द से जल्द प्रशिक्षण कार्य प्रारंभ किया जा सके।
