पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय राजगीर में, बालिकाओं को दिया गया आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
अनुमंडल संवाददाता, राजगीर, रजीव लोचन की रिपोर्ट…
राजगीर (नालंदा)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय राजगीर में छात्राओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में अपनी सुरक्षा करने के लिए तैयार करना है।
विद्यालय के प्राचार्य विवेक किशोर ने कहा कि आत्मरक्षा केवल एक कौशल नहीं, बल्कि जीवन की आवश्यकता है। इससे बालिकाएं अपने परिवेश के प्रति सजग रहती हैं और किसी भी संकट की स्थिति में मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक रूप से स्वयं की रक्षा करने में सक्षम बनती हैं। उन्होंने कहा कि आज की बालिकाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए इस प्रकार का प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को पंच, किक, ब्लॉकिंग जैसी तकनीकों के साथ-साथ गला, हाथ, बाल और कंधे को पकड़ने या खींचने की स्थिति से खुद को छुड़ाने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जाएंगे। साथ ही सड़क या सुनसान स्थानों पर छेड़छाड़ जैसी परिस्थितियों में किस प्रकार साहस और सूझबूझ से अपनी रक्षा करनी है, इसकी भी जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर प्रशिक्षण की नोडल शिक्षिका नेहा शर्मा, खेल शिक्षक बिल्टन तथा कोच मो. तौशिफ खान सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
