राजगीर दिगम्बर जैन धर्मशाला में चार जैन तीर्थयात्रियों के शव बरामद, कमरे से लटके मिले; जांच के लिए विशेष टीम कर्नाटक रवाना

0
IMG-20260206-WA0055

अनुमंडल संवाददाता राजगीर राजीव लोचन की रिपोर्ट…

राजगीर (नालंदा)। राजगीर थाना क्षेत्र के धुर्वा मोड़ स्थित दिगम्बर जैन धर्मशाला में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कमरे से बैंगलोर (कर्नाटक) से आए चार जैन तीर्थयात्रियों के शव बरामद किए गए। चारों शव कमरे के अंदर फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9:40 बजे राजगीर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि धर्मशाला का एक कमरा पिछले तीन दिनों से बंद है और वहां से दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में दरवाजा तोड़कर कमरा खोला गया, जहां एक पुरुष और तीन महिलाओं के शव छत में लगे हुक से लटके पाए गए।

पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) पटना और डॉग स्क्वायड को बुलाया। विशेषज्ञों की टीम ने फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के बाद शवों को नीचे उतारा। कमरे से आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, अन्य दस्तावेज, नगद 1.18 लाख रुपये, कपड़े तथा बड़ी मात्रा में नींद व अवसादरोधी दवाइयां (करीब 25 पत्ते) बरामद किए गए।

धर्मशाला के रजिस्टर के अनुसार कमरा जी.आर. प्रसाद के नाम से बुक था। बरामद कागजात के आधार पर मृतकों की पहचान जी.आर. सुमंगला (78), शिल्पा जी.आर. (48), श्रुथा जी.बी. (43) और जी.आर. नागा प्रसाद (50) के रूप में हुई है। सभी कर्नाटक के तामकुर जिले के गुब्बी (ग्रामीण) क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस ने कर्नाटक पुलिस से संपर्क कर परिजनों को सूचना दे दी है।

सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेजा गया है, जहां मेडिकल बोर्ड की निगरानी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जाएगा। धर्मशाला प्रबंधन के आवेदन पर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

मृतकों के परिजनों और कर्नाटक पुलिस से पूछताछ में पता चला है कि परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और मानसिक तनाव की स्थिति में था। नागा प्रसाद इंजीनियरिंग स्नातक थे, लेकिन बेरोजगार थे। वे हाल ही में एक आपराधिक मामले में जेल से जमानत पर छूटे थे। इस संबंध में जिला एवं सत्र न्यायालय, बंगलुरू ग्रामीण से जारी जमानत आदेश भी पुलिस को मिला है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, नालंदा ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। टीम धर्मशाला के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है तथा दो सदस्यीय दल को कर्नाटक भेजा जा रहा है, जो मृतकों के पारिवारिक, आर्थिक और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच करेगा।

पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *