इस्लामपुर स्नातक महाविद्यालय में संस्थापक रामजी सिंह व समाजसेवी महावीर प्रसाद को श्रद्धांजलि, सांसद कौशलेंद्र कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन

0
IMG-20260207-WA0093

अनुमंडल संवाददाता, बिहारशरीफ
गुड्डू कुमार की रिपोर्ट, इस्लामपुर (नालंदा)। इस्लामपुर प्रखंड स्थित स्नातक महाविद्यालय परिसर में संस्थापक एवं जमीनदाता रामजी सिंह तथा समाजसेवी सचिव महावीर प्रसाद की आदमकद प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जदयू सांसद सह महाविद्यालय के सचिव कौशलेंद्र कुमार, महाविद्यालय अध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद एवं प्राचार्य आनंदी प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के उपरांत महाविद्यालय के सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति उनका अगाध लगाव और छात्रों के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि करीब पचास वर्ष पूर्व उन्होंने जमीन दान देकर इस महाविद्यालय की स्थापना कराई, जिससे क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा का अवसर मिल सका।

महाविद्यालय अध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद ने अपने संबोधन में पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि महाविद्यालय की स्थापना से पहले यहां के मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए हिलसा स्थित संत उदासीन महाविद्यालय या पटना जाना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

प्राचार्य आनंदी प्रसाद सिंह ने पूर्व अध्यक्षों, सचिवों एवं प्राचार्यों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आज महाविद्यालय में बेहतर वर्गकक्ष, प्रयोगशाला, प्राचार्य कक्ष, शिक्षक कक्ष, पुस्तकालय सहित सुसज्जित बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकेतर कर्मचारियों के सहयोग से महाविद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

इस अवसर पर जमीनदाता रामजी सिंह के पुत्र मृत्युंजय कुमार एवं प्राचार्य आनंदी प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से सांसद और अध्यक्ष का स्वागत किया, जबकि मृत्युंजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

समारोह में वार्ड पार्षद संगीता कुमारी, प्रो. कंचन कुमारी, प्रो. गिरिजानंदन प्रसाद, प्रो. के.डी. शर्मा, प्रो. मिथलेश प्रसाद, सिद्धार्थ कुमार, धनराज कुमार, रवि कुमार, कुमुद रंजन कुमार, रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *