मॉडल अस्पताल की व्यवस्था में बड़ा सुधार, डीएम ने की सराहना; ‘ईज ऑफ लिविंग’ पहल से मरीजों को मिल रहीं बेहतर सुविधाएं
अमर वर्मा की रिपोर्ट, बिहारशरीफ (नालंदा)। नालंदा जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने शनिवार को बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधारों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतरीन बताते हुए कहा कि पिछले डेढ़-दो महीने से लगातार छोटे-छोटे बदलाव किए जा रहे हैं, जिनका सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिख रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार की ‘सात निश्चय’ योजना के तहत ‘ईज ऑफ लिविंग’ पहल के अंतर्गत अस्पताल में कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इस पहल का उद्देश्य आम लोगों को कम खर्च में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक बड़ा डिजिटल सूचना पैनल लगाया गया है, जिसमें सभी डॉक्टरों के नाम, प्रोफाइल, मोबाइल नंबर और ओपीडी का समय प्रदर्शित किया गया है। इससे मरीजों को संबंधित चिकित्सक तक पहुंचने में काफी सुविधा हो रही है। इसके अलावा, अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी दवाइयों की सूची भी फ्लेक्स व साइनबोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित की गई है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।
महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक आईसीयू मशीन की शुरुआत की गई है। डीएम ने इसे ‘स्टेट ऑफ द आर्ट’ तकनीक बताते हुए कहा कि जल्द ही ऑर्थोपेडिक सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। उन्होंने अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को विश्वस्तरीय बताया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों और सुविधाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि अब उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
डीएम ने कहा कि अस्पताल में बिचौलियों की समस्या पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे स्थिति में सुधार आया है। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जल्द ही एआई कैमरे लगाए जाएंगे और बाउंड्री वॉल की ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि अस्पताल की सेवाओं की दैनिक निगरानी के लिए एक मैट्रिक्स प्रणाली विकसित की जा रही है। किसी भी मशीन में खराबी आने पर उसे कम से कम समय में ठीक करने की व्यवस्था होगी। साथ ही आपात स्थिति में मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से अन्य पीएचसी में भेजने की बैकअप योजना भी तैयार की जा रही है।
जिलाधिकारी ने डॉक्टरों, नर्सों और जीविका समूह द्वारा संचालित स्वच्छता एवं भोजन व्यवस्था की भी सराहना की। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि छोटे-छोटे सुधारों से ही बड़े बदलाव संभव होते हैं।
इस मौके पर सिविल सर्जन, डीपीएम, डीएस सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
