सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप, कटौना गांव पहुंची पुलिस; जांच में मामूली विवाद, घायलों ने लगाया हमले का आरोप

0
IMG-20260206-WA0005

रानी सिन्हा की रिपोर्ट

कतरीसराय (नालंदा)। थाना क्षेत्र के कटौना गांव से जुड़ी एक कथित घटना की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस बल के साथ गांव पहुंचकर पूरे मामले की जांच-पड़ताल की।

सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया गया था कि रविदास समाज के लोगों की पानी और बिजली आपूर्ति रोक दी गई है तथा हथियारबंद लोगों द्वारा टोला में घुसने की आशंका है। पोस्ट में किसी बड़े हादसे की चेतावनी देते हुए पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की गई थी।

हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला उतना गंभीर नहीं पाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण एक पक्ष ने शॉर्ट डाउन किया था, जिससे दोनों पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी और हल्की मारपीट हुई। इसे सोशल मीडिया पर बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर दिया गया। पानी-बिजली रोकने या हथियारबंद हमले की पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, घायलों ने अलग आरोप लगाए हैं। कारू रविदास (45), ओमप्रकाश (16), रामाश्रय रविदास (25) और बबलू रविदास (36) ने रात में बिजली काटने और सामूहिक हमले का आरोप लगाया। बबलू रविदास ने बताया कि विरोध करने पर लाठी-रॉड, पत्थर और ईंट से हमला किया गया। उन्होंने कुछ लोगों को नामजद करते हुए 25-30 लोगों की संलिप्तता का दावा किया है।

पुलिस ने घायलों का इलाज कराया है और उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है। थानाध्यक्ष ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बिना पुष्टि सोशल मीडिया पर पोस्ट न करने की अपील की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *