नालंदा में 10 फरवरी से शुरू होगा फाइलेरिया उन्मूलन महाअभियान, डीएम ने एमडीए कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की
बिहार शरीफ, नालंदा। जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आज फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 10 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने वाले एमडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
नेशनल हेल्थ मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में यह अभियान नालंदा जिले के 11 प्रखंडों — बिहारशरीफ शहरी क्षेत्र, बिंद, चंडी, एकंगरसराय, इस्लामपुर, नूरसराय, परवलपुर, रहुई, सरमेरा, सिलाव एवं थरथरी — में संचालित किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान फाइलेरिया की दवा का घर-घर वितरण करने के साथ-साथ लोगों को दवा का सेवन भी सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि भ्रमण के समय कोई व्यक्ति घर पर उपलब्ध नहीं मिले तो शाम में पुनः घर जाकर दवा खिलाई जाए।
जिला वेक्टर बोर्न डिजीज नियंत्रण पदाधिकारी ने बताया कि दवा का सेवन केवल दो वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों द्वारा किया जाएगा। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा नहीं दी जाएगी। सभी कर्मियों एवं संबंधित स्टेकहोल्डरों को उचित प्रशिक्षण देने का निर्देश भी दिया गया।
सिविल सर्जन ने बताया कि दवा सेवन के बाद कुछ लोगों को हल्का मतली (नॉजिया) जैसा लक्षण महसूस हो सकता है, जो सामान्य है और घबराने की आवश्यकता नहीं है।
अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता चलाने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि 10 फरवरी से अगले 14 दिनों तक घर-घर दवा वितरण किया जाएगा, जबकि उसके बाद तीन दिनों तक आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बूथ के माध्यम से दवा वितरण किया जाएगा।
जीविका, आशा, पंचायती राज, जन वितरण प्रणाली, बाल विकास परियोजना एवं अन्य विभागों के कर्मियों से अपेक्षित सहयोग सुनिश्चित करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी लेने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर सरकार गंभीर है, ऐसे में एमडीए अभियान को सफल बनाना प्रशासन की प्राथमिकता और सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (जिला स्वास्थ्य समिति), जिला वेक्टर बोर्न डिजीज नियंत्रण पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
