नालंदा में निगरानी की बड़ी कार्रवाई: 45 हजार रुपये घूस लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार, जमीन परिमार्जन के नाम पर वसूली, रंगे हाथों धराया

0
IMG-20260203-WA0125

राजगीर (नालंदा)। नालंदा जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजगीर अंचल कार्यालय में तैनात एक राजस्व कर्मचारी को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। जमीन दस्तावेजों में परिमार्जन कराने के नाम पर की जा रही अवैध वसूली का खुलासा होने के बाद विभाग ने सख्त संदेश दिया है कि भ्रष्ट लोक सेवकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश साह के रूप में हुई है। वह राजगीर अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार, छबीलापुर थाना क्षेत्र के रटना निवासी राजीव कुमार ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि उनकी जमीन के परिमार्जन के बदले कर्मचारी मोटी रकम की मांग कर रहा है। शिकायत के आधार पर 2 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई।

1001230255

मामले की गंभीरता को देखते हुए निगरानी ब्यूरो ने तत्काल सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद डीएसपी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल गठित किया गया। टीम ने मंगलवार को जाल बिछाकर छबीलापुर रोड स्थित लेदुवा पुल के पास आरोपी को रिश्वत की राशि लेते समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक भ्रष्टाचार के खिलाफ 14 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। मंगलवार की यह कार्रवाई इस साल के 11वें और 12वें ट्रैप केस के रूप में दर्ज हुई है। महज एक महीने के भीतर 9 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा जा चुका है, जबकि कुल 1.65 लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।

निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *