छोटे-छोटे प्रयास से बड़ा बदलाव: मिशन हरियाली ने बेगूसराय के छात्रों को दिए 250 अमरूद के पौधे, पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर नूरसराय नर्सरी पहुंचे स्कूली बच्चे

0
IMG-20260202-WA0076

रानी सिन्हा की रिपोर्ट
नूरसराय (नालंदा)। “हर छोटे-छोटे प्रयास से एक बड़ा काम सार्थक हो जाता है” — इसी सोच को साकार करते हुए मिशन हरियाली नूरसराय ने बेगूसराय जिले के स्कूली बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 250 अमरूद के पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए।

रविवार की शाम शैक्षणिक यात्रा के दौरान राजगीर से लौटते समय राजकीयकृत मध्य विद्यालय बीहट और राजकीयकृत मध्य विद्यालय रतौली के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक मिशन हरियाली नर्सरी पहुंचे। यहां उन्होंने मिशन द्वारा किए जा रहे पौधारोपण एवं हरियाली अभियान की गतिविधियों को नजदीक से देखा और समझा।

राजकीयकृत मध्य विद्यालय बीहट के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार ने कहा कि यह शैक्षणिक परिभ्रमण विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने बताया कि मिशन हरियाली के प्रयास से अब तक 19 लाख पौधे रोपे जा चुके हैं, जिसके कारण नगदी फसलों के लिए प्रसिद्ध नालंदा अब अमरूद उत्पादन में भी बिहार में अग्रणी बन चुका है।

शिक्षिका अनुपमा कुमारी ने कहा कि मिशन हरियाली ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है। निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराकर बच्चों और आम लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना ऐतिहासिक परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम है।

वहीं, रतौली विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार ने कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी के बिना व्यक्तित्व अधूरा है और मिशन हरियाली का कार्य समाज के लिए अत्यंत सराहनीय है।

मिशन हरियाली के संस्थापक राजीव रंजन भारती एवं उनकी टीम द्वारा सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को 250 अमरूद के पौधे भेंट किए गए। इस दौरान बच्चों ने पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में सुरेश प्रसाद, नवीन कुमार, विनय प्रकाश, सुधीर पांडेय, प्रमोद कुमार, पी. सिंह, बिट्टू पांडेय, विक्की कुमार, हिमांशु कुमार, रवि शंकर कुमार, संजीत कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *