सरथा गांव में अखंड कीर्तन को लेकर 251 महिला श्रद्धालुओं के द्वारा निकाली गई कलश शोभायात्रा, गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गूंजा हर-हर महादेव

0
IMG-20260214-WA0204

राकेश पासवान की रिपोर्ट, हरनौत (नालंदा)। हरनौत प्रखंड क्षेत्र के सरथा गांव स्थित महादेव स्थान मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर 24 घंटे के अखंड कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन से एक दिन पूर्व शनिवार की दोपहर करीब 1:30 बजे गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश शोभायात्रा की शुरुआत सरथा गांव के महादेव स्थान मंदिर से हुई। श्रद्धालु सुरक्षित वाहन से बख्तियारपुर स्थित गंगा जी सीढ़ी घाट पहुंचे, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ कलश में गंगाजल भरा गया। इसके बाद शोभायात्रा हरनौत बाजार के रांची रोड स्थित सरदार पटेल एकता चौक न्यू बाईपास पहुंची। वहां से तीन घोड़े, बैंड-बाजा और डीजे की धुन पर श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर पूरे क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचे।

इस अवसर पर हरनौत नगर पंचायत के उप मुख्य पार्षद सुरेश सिंह ने बताया कि अखंड कीर्तन के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक वातावरण का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।

1001253392

वहीं पंडित प्रमोद पाण्डेय एवं आदित्य नारायण ने बताया कि कलश शोभायात्रा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इससे वातावरण शुद्ध होता है, नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है तथा अनुष्ठान की सफलता सुनिश्चित होती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार कलश में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है, जो समृद्धि, पवित्रता और दिव्य शक्ति का प्रतीक है।

पंडितों ने जानकारी दी कि रविवार को वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच अखंड कीर्तन का विधिवत शुभारंभ होगा। कीर्तन समापन के बाद कन्या पूजन किया जाएगा तथा मंगलवार को भव्य भंडारा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कलश शोभायात्रा के दौरान पंचायत समिति सदस्य राणा शैलेश सिंह, मुकेश कुमार, धीरज कुमार, अस्मिता कुमारी, बिट्टू, पप्पू, आशुतोष, पूर्व मुखिया अनिरुद्ध, राकेश, पांचाली समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान “हर-हर महादेव” के जयघोष से क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *