मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 25 लाख महिलाओं को 2500 करोड़ की सहायता राशि हस्तांतरित, नालंदा की 65,662 महिलाओं को मिली स्वीकृति

0
IMG-20260216-WA0104

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट

नालंदा। माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करकमलों द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत राज्य की 25 लाख महिला लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2500 करोड़ की राशि अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हरदेव भवन सभागार, बिहारशरीफ में आयोजित किया गया।

इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को स्वरोजगार प्रारंभ करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। सभी समुदाय एवं वर्ग की महिलाएं इस योजना का लाभ ले सकती हैं।

प्रारंभिक सहायता ₹10,000, आगे ₹2 लाख तक का प्रावधान

महिलाओं को अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए प्रारंभिक रूप से ₹10,000 की राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके बाद व्यवसाय की प्रगति के आकलन के आधार पर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का प्रावधान है। योजना के अंतर्गत चयनित रोजगार के लिए प्रशिक्षण की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

1001259301 edited scaled

स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाएगा

यह योजना सामुदायिक सहकारिता आधारित है। लाभुक महिलाओं को पहले स्थानीय स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाएगा। रोजगार के चयन, प्रशिक्षण और व्यवसाय प्रारंभ करने में समूहों के माध्यम से सहयोग दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, उत्पादन में सहयोग तथा महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित करने के लिए गांव से शहर तक हाट-बाजार विकसित किए जाएंगे, जिससे उन्हें बाजार उपलब्ध हो सके।

आत्मनिर्भरता की ओर मजबूत कदम

योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। स्वावलंबन पर केंद्रित इस पहल से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

नालंदा जिले में 65,662 महिलाओं को लाभ

नालंदा जिले में कुल 65,662 महिलाओं के खाते में ₹65,66,20,000 की राशि हस्तांतरित किए जाने की अनुशंसा की गई है।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी नालंदा, उप विकास आयुक्त, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक, संचार प्रबंधक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, आईटी मैनेजर सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदी एवं अन्य जीविका कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *