नालंदा की रेल समस्याओं को लेकर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने रेल मंत्री से की मुलाकात
रानी सिंह की रिपोर्ट | नालंदा
नालंदा के लोकसभा सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जिले की विभिन्न रेल समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने एक विस्तृत पत्र सौंपते हुए त्वरित समाधान की मांग की।
चण्डी हॉल्ट के अंडरपास में जलजमाव से परेशानी
सांसद ने दानापुर मंडल के नेउरा-बरबीघा रेलखंड पर चण्डी हॉल्ट के निकट रेलवे फाटक (गुमटी संख्या-07) के पास बने अंडरपास में जलजमाव की गंभीर समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में चार से पाँच महीनों तक अंडरपास में तीन से चार फीट पानी भरा रहता है, जिससे किसानों के हार्वेस्टर और बड़े वाहन नहीं निकल पाते।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि रेलवे फाटक को बंद कर केवल अंडरपास का उपयोग कराया जा सकता है, जबकि यह फाटक दर्जनों गांवों के लिए मुख्य आवागमन मार्ग है। सांसद ने मांग की कि अंडरपास के साथ-साथ रेलवे फाटक को भी यथावत चालू रखा जाए।
मेमू ट्रेनों के ठहराव और विस्तार की मांग
सांसद ने नवादा से पटना के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन संख्या 63389/63390 का ठहराव रुखाई हॉल्ट सहित सभी हॉल्टों पर सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा बिहार शरीफ और नूरसराय के बीच कैड़ी गांव में नया रेलवे हॉल्ट निर्माण एवं ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी।
ग्राम पंचायत आमावां में आमावां रेलवे हॉल्ट का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने तथा बिहार शरीफ–अस्थावां–शेखपुरा रेलखंड के तिउरी गांव में भी रेलवे हॉल्ट निर्माण की मांग की गई।
ट्रेन विस्तार और अतिरिक्त सेवा की मांग
राजगीर से दनियावां होते हुए फतुहा तक चलने वाली मेमू ट्रेन को पटना जंक्शन/दानापुर तक विस्तारित करने और इस रूट पर एक जोड़ी अतिरिक्त मेमू ट्रेन चलाने की मांग भी सांसद ने की।
रेल ओवरब्रिज और अंडरपास की समस्या
बिहार शरीफ में प्रस्तावित दो रेल ओवरब्रिज—सोहसराय एलसी/30 और स्टेशन के दक्षिण एलसी/34—का कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया गया।
रुखाई हॉल्ट, बढ़ौना हॉल्ट (खरजमा गांव), राम हॉल्ट समेत कई अंडरपासों में जलजमाव की समस्या का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि अधिकांश अंडरपास से बसें, बड़े वाहन और कृषि यंत्र नहीं गुजर पा रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां संभव हो, वहां अंडरपास के स्थान पर रेल ओवरब्रिज या रेलवे फाटक का निर्माण कराया जाए और जहां फाटक हैं, उन्हें बंद न किया जाए।
सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से नालंदा जिले के हजारों ग्रामीणों, किसानों और दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
