बाजार में सबकुछ बिकता है, लेकिन ज्ञान नहीं बिकता : मंत्री श्रवण कुमार, बिहार में वर्ग 1 से 8 तक 30 लाख बच्चे निजी स्कूलों में पढ़ रहे हैं

0
20260214_090949

रानी सिन्हा की रिपोर्ट, नूरसराय (नालंदा)। ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने शनिवार को नूरसराय में आयोजित आदित्य क्लासेज के ‘उदभव ’ कार्यक्रम में कहा कि दुनिया में लगभग हर चीज बाजार में बिक सकती है, लेकिन ज्ञान कभी बाजार में नहीं बिकता। उन्होंने कहा कि समाज में उसी व्यक्ति का सम्मान होता है जो ज्ञानवान होता है। आज के प्रतिस्पर्धा के दौर में वही आगे बढ़ेगा जो अधिक से अधिक ज्ञान अर्जित करेगा।

मंत्री ने कहा कि जब वर्ष 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सरकार बनी, तब शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में व्यापक कदम उठाए गए। करीब 23 हजार नए सरकारी विद्यालय खोले गए। वर्तमान में राज्य में वर्ग एक से आठ तक लगभग एक करोड़ 77 लाख बच्चे सरकारी विद्यालयों में पढ़ रहे हैं, जबकि लगभग 30 लाख बच्चे निजी विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में भी अब संसाधन और आधारभूत संरचना में वृद्धि हुई है।

1001252386 edited scaled
नूरसराय में बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल प्रदर्शनी का अवलोकन करते मंत्री श्रवण कुमार व अन्य अतिथि।

मंत्री श्रवण कुमार ने चिंता जताते हुए कहा कि नई पीढ़ी तेजी से पश्चिमी संस्कृति की ओर आकर्षित हो रही है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे मोबाइल का सीमित और सही उपयोग करें। डिजिटल युग में आगे बढ़ने के लिए तकनीक जरूरी है, लेकिन उसका दुरुपयोग भविष्य के लिए हानिकारक हो सकता है। पढ़ाई पर अधिक ध्यान देना ही सफलता की कुंजी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी दीपक कुमार ने कहा कि शिक्षा जीवन के विभिन्न पहलुओं को समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। यह एक गुणवत्तापूर्ण जीवन की आधारशिला है।

मिशन हरियाली के संस्थापक राजीव रंजन भारती ने कहा कि बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर या अधिकारी बनें या न बनें, लेकिन अच्छे नागरिक और अच्छे इंसान अवश्य बनें।

1001252347 edited scaled

नूरसराय के युवा मुखिया रामकृष्ण कुमार ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में आपकी रुचि हो, उसी में दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मबल के साथ आगे बढ़ें, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त एयर फोर्स अधिकारी डॉ. जेपी शर्मा, राजेंद्र प्रसाद, जितेंद्र सिंह, ज्योति सिंह, आदित्य राज, अविनाश कुमार मौर्य, डॉ. धनंजय कुमार देव, अरुण कुमार वर्मा, उपेंद्र सिंह, सुषमा कुमारी, नीतीश कुमार, मुकेश कुमार, शैलेन्द्र कुमार, भावना कुमारी, संगीता कुमारी, नेहा कुमारी, स्वेता सिंह, पल्लवी कुमारी, मनोज कुमार, गुड्डू कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

जिलास्तरीय साइंस एग्जीबिशन में भाग लेने का आह्वान

उदभव कार्यक्रम के तहत आयोजित साइंस एग्जीबिशन में स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में स्मार्ट सिटी, डांडी यात्रा, डेवलप विलेज, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, चंद्रयान-3, भारत-पाकिस्तान एलओसी, स्मार्ट विलेज सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक मॉडल लगाए गए।

1001252468 edited scaled
नूरसराय में आयोजित ‘उदभव ’ कार्यक्रम में देशभक्ति प्रस्तुति देते स्कूली बच्चे।

मंत्री श्रवण कुमार ने बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों का अवलोकन किया और संबंधित छात्रों से उनके प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए जिलास्तरीय साइंस एग्जीबिशन में भाग लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। विशेष रूप से देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। एक छात्रा द्वारा प्रस्तुत श्री गणेश वंदना ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *