मलमास मेला 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, सुरक्षा व सुविधाओं पर विशेष जोर
बिहार शरीफ (नालंदा)। मलमास मेला 2026 के सफल आयोजन को लेकर आईसीसी राजगीर में जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला की पूर्व तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विदित हो कि राजगीर में मलमास मेला का आयोजन 17 मई 2026 से 15 जून 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान ब्रह्म कुंड में स्नान के लिए दूर-दूर से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

बैठक में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सुविधाएं, शरण स्थली, शौचालय, चेंजिंग रूम, साफ-सफाई, नियंत्रण कक्ष, हेल्प डेस्क, आवासन, खानपान, हाई मास्ट लाइटिंग, ट्रैफिक चेक पोस्ट, बैरिकेडिंग, अग्निशमन व्यवस्था, मोबाइल शौचालय तथा निर्धारित शुल्क पर बस व ई-रिक्शा से परिवहन की व्यवस्था जैसे विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि मेला अवधि के दौरान आमजन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल, महिला पुलिस व स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भीड़ पर सतत नजर रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएंगे और पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, स्ट्रेचर, आवश्यक दवाएं, मेडिकल कैंप और चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मेला में खोए हुए लोगों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए सूचना केंद्र स्थापित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए कैंटीन, ‘दीदी की रसोई’ और सस्ती रोटी काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही एआई काउंटर, मोबाइल एप और वेबसाइट के माध्यम से सूचना व सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
श्रद्धालुओं के ठहरने हेतु रेलवे स्टेशन, मेला थाना, धुनीवर, बस स्टैंड, झुनकिया बाबा, ब्रह्म कुंड घाट, स्टेट गेस्ट हाउस, सैनिक स्कूल, महाराजा होटल, गढ़ महादेव, वैतरणी तथा पीएचईडी कैंपस सहित विभिन्न स्थानों पर वाटरप्रूफ यात्री शेड (टेंट सिटी) का निर्माण किया जाएगा।
ब्रह्म कुंड में प्राकृतिक स्रोतों से आने वाली जलधारा को निरंतर बनाए रखने के लिए आसपास के क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया। वहीं वैतरणी घाट की सुरक्षा, साफ-सफाई, मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। शाही स्नान के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश व निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित भवन, लघु सिंचाई, विद्युत, पीएचईडी, नगर परिषद और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
